पीजी कॉलेज प्राचार्या के खिलाफ थाने में शिकायत
महिला लिपिक ने घर में घुसकर गाली गलौज और,मकान पर कब्जा करने का आरोप लगाया
सागर/बीना। शास. पीजी कॉलेज की प्रभारी मुख्य महिला लिपिक ने अपनी ही कॉलेज की प्राचार्या प्रिंसिपल के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मंगलवार को लिपिक ने प्राचार्या पर जबरन घर में घुसने, गाली गलौज करने और घर पर कब्जा करने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता महिला लिपिक अनीता रोहित ने पुलिस को बताया कि कॉलेज की प्राचार्या रेखा बरेठिया जिनका तबादला अब गुना हो चुका है उन्हें लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान कर रही हैं। अनीता के मुताबिक उन्होंने और जितेंद्र खांडेराव ने मिलकर एक मकान खरीदा है, जिस पर प्राचार्या की नीयत खराब है और वे उस पर जबरन कब्जा करना चाहती हैं। मंगलवार सुबह करीब 11.30 बजे प्राचार्या रेखा बरेठिया उनके घर में जबरदस्ती घुसने की कोशिश कर रही थी। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो प्राचार्या ने उन्हें गंदी-गंदी गालियां दी और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी। लिपिक ने यह भी आरोप लगाया कि प्राचार्या अपनी कलम की ताकत का रौब दिखाती हैं और उनकी गोपनीय रिपोर्ट खराब करने की धमकी देती हैं। यही नहीं वे कॉलेज के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भेजकर उनके घर की जासूसी भी करवा रही हैं। इस पूरे विवाद को लेकर बीना पीजी कॉलेज की प्राचार्या रेखा बरेठिया ने अपना पक्ष रखते हुये सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि महिला लिपिक दोपहर तक कॉलेज ड्यूटी पर नहीं पहुंची थी, इसलिये वे सिर्फ कॉलेज का कुछ जरूरी सामान और चाबियां लेने के लिये उनके घर गई थी। उन पर लगाये गये सभी आरोप पूरी तरह झूठे और बेबुनियाद हैं। बीना की छोटी बजरिया चौकी प्रभारी आरके जोरम ने बताया कि पीजी कॉलेज की महिला लिपिक की तरफ से प्राचार्या के खिलाफ एक शिकायती आवेदन मिला है। दोनों पक्षों के बयानों और मामले की गहराई से जांच करने के बाद ही आगे की कानूनी कार्यवाही की जायेगी।