तेंदूखेड़ा। स्वैच्छिक संस्था EFICOR द्वारा आज जनपद पंचायत तेंदूखेड़ा कार्यालय में "आत्मनिर्भर ट्राइबल डेवलपमेंट परियोजना" का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर EFICOR के प्रमुख संचालक श्री रमेश बाबू, जोनल मैनेजर श्री दाइच किशोर तथा जनपद पंचायत तेंदूखेड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) मनीष बागरी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में दाइच किशोर ने परियोजना के उद्देश्य एवं कार्ययोजना की जानकारी देते हुए बताया कि इस परियोजना का मुख्य लक्ष्य आदिवासी समुदाय के किसानों को आत्मनिर्भर बनाना, जैविक खेती को बढ़ावा देना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना तथा किसानों की आजीविका को सशक्त बनाना है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मनीष बागरी ने किसानों को संबोधित करते हुए जैविक खेती अपनाने, रासायनिक उर्वरकों के उपयोग को कम करने तथा प्राकृतिक कृषि पद्धतियों के लाभों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की परियोजनाएं किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री संत कुमार पाल, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि, EFICOR की परियोजना टीम तथा परियोजना क्षेत्र के 7 गांवों से आए किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
अंत में सभी अतिथियों ने किसानों से परियोजना के माध्यम से प्रदान किए जाने वाले प्रशिक्षणों एवं गतिविधियों का अधिकतम लाभ उठाने तथा जैविक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।