सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों के जेवर व नकदी पर हाथ साफ, पुलिस जांच में जुटी
तेंदूखेड़ा। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सैलवाड़ा में अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घटना बुधवार रात की बताई जा रही है, जब घर के सभी सदस्य तेंदूखेड़ा में एक पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने गए हुए थे। गुरुवार सुबह लौटने पर परिजनों ने घर का दरवाजा टूटा हुआ पाया। अंदर प्रवेश करने पर सामान बिखरा मिला और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर तथा नकदी गायब थी। प्रारंभिक तौर पर लाखों रुपये की चोरी होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम सैलवाड़ा निवासी साहब विश्वकर्मा, जो कपड़े का व्यवसाय करते हैं, अपने परिवार सहित रिश्तेदारी में आयोजित शादी में तेंदूखेड़ा गए थे। उनकी पत्नी दो दिन पहले ही विवाह समारोह में पहुंच गई थीं, जबकि बुधवार शाम साहब विश्वकर्मा अपनी दोनों बेटियों के साथ घर में ताला लगाकर तेंदूखेड़ा चले गए। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने सूने मकान का फायदा उठाते हुए घर में प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया।
पड़ोसी प्रशांत चौबे के अनुसार गुरुवार सुबह जब परिवार वापस लौटा तो मकान का आधा दरवाजा टूटा हुआ मिला। घर के अंदर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था तथा अलमारी में रखे जेवर और नकदी गायब थी। दरवाजे की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि चोर इसी रास्ते से घर में घुसे और चोरी करने के बाद फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित परिवार ने तेंदूखेड़ा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस टीम डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंची तथा साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ संदिग्ध गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है।
थाना प्रभारी सरोज ठाकुर ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। प्रारंभिक जांच में चोरी गए सामान और नकदी की सही जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि घर में एक हार मिला है, जिसे परिजन पहले चोरी होना बता रहे थे। ऐसे में परिजनों से विस्तृत जानकारी लेकर चोरी हुए सामान का सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है तथा जांच पूरी होने के बाद ही चोरी गए सामान का सही विवरण स्पष्ट हो सकेगा।