पुलिस की अवैध शराब के विरुद्ध लगातार कार्रवाई, एक ही दिन में तीन प्रकरण दर्ज
तेंदूखेड़ा। नगर एवं क्षेत्र में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में नगर निरीक्षक सरोज ठाकुर के नेतृत्व में तेंदूखेड़ा पुलिस द्वारा शनिवार को अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर तीन अलग-अलग स्थानों पर प्रभावी कार्रवाई की गई।
पहली कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने एक आरोपी के कब्जे से लगभग 5 लीटर कच्ची शराब बरामद कर जब्त की तथा संबंधित आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया। दूसरी कार्रवाई में एक अन्य स्थान से 50 पाव देशी मदिरा बरामद कर जब्ती की कार्रवाई करते हुए आरोपी के विरुद्ध पृथक अपराध पंजीबद्ध किया गया।
इसी क्रम में शनिवार रात्रि के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक बोलेरो वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 97 पाव देशी एवं मसाला शराब बरामद की गई। पुलिस ने वाहन सहित अवैध शराब जब्त कर आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के प्रावधानों के तहत अलग से प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
नगर निरीक्षक सरोज ठाकुर ने कहा कि तेंदूखेड़ा नगर एवं क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार सघन अभियान चला रही है। अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर एवं निरंतर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।