नर्स से अभद्रता करने वाला भाजपा नेता गिरफ्तार
बीएमसी में मरीज के इलाज के दौरान हुई थी घटना, एक आरोपी फरार
सागर। बीएमसी नर्स और महिला स्टाफ के साथ अभद्रता, छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने शनिवार को फरार भाजपा नेता अनिल श्रीवास्तव पीपरा को गिरफ्तार किया है। आरोपी को थाने लाकर पुलिस पूछताछ कर रही है। मामले में फरार एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। जानकारी के अनुसार गुरुवार रात बीएमसी में इलाज के लिये लक्ष्मी तिवारी पहुंचे थे। जिनके साथ अनिल श्रीवास्तव भी बीएमसी पहुंचे। इलाज के दौरान आरोपियों ने महिला स्टाफ के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ की थी। घटनाक्रम सामने आने के बाद बीएमसी के डाक्टर और अन्य स्टाफ ने विरोध में प्रदर्शन किया था। आरोपियों पर एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग करते हुये बीएमसी के सामने चक्काजाम किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुये गोपालगंज पुलिस ने कार्यवाही कर भाजपा नेता अनिल श्रीवास्तव और लक्ष्मी तिवारी के खिलाफ छेड़छाड़ समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच में लिया। गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि बीएमसी के मामले में आरोपी अनिल श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। एक अन्य फरार आरोपी लक्ष्मी की तलाश कर रहे हैं।