तेंदूखेड़ा के चिन्हित 7 ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा कार्य प्रारंभ, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम की दिशा में प्रभावी पहल
तेंदूखेड़ा। पुलिस द्वारा क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आमजन की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से थाना क्षेत्र के चिन्हित 7 ब्लैक स्पॉट का पूर्व में शुक्रवार को संयुक्त निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण उपरांत संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को आवश्यक सुरक्षा एवं सुधारात्मक कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए थे। निर्देशों के पालन में अब सभी चिन्हित स्थलों पर सुरक्षा संबंधी कार्य प्रारंभ कर दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि संयुक्त निरीक्षण के दौरान नाग बाबा मंदिर, बम्हौरी तिराहा, ठाकुर ढाबा से बड़ी खेर माता मंदिर मार्ग, भोड़ी मंदिर तिराहा, नरगुआ टेक, 27 मील चौराहा एवं पण्डा बाबा मंदिर सहित सभी चिन्हित ब्लैक स्पॉट का स्थल निरीक्षण कर दुर्घटना की संभावनाओं का सूक्ष्म मूल्यांकन किया गया था। इसके आधार पर एमपीआरडीसी रोड एजेंसी एवं मेंटेनेंस एजेंसी को शॉर्ट टर्म रेक्टिफिकेशन के अंतर्गत आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल लागू करने के निर्देश दिए गए थे। निर्देशों के अनुरूप अब संबंधित एजेंसियों द्वारा विभिन्न स्थलों पर चेतावनी एवं गति सीमा संकेतक बोर्ड लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही कैट आई, रोड मार्किंग, रिफ्लेक्टर, साइड शोल्डर का भराव, मोड़ों पर शेवरॉन साइन बोर्ड की स्थापना तथा सड़क किनारे दृश्यता बाधित करने वाले का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। सड़क पर रंबल स्ट्रिप तैयार करने का कार्य भी प्रारंभ हो चुका है, जिससे वाहन चालकों को संभावित दुर्घटना क्षेत्रों के प्रति समय रहते सतर्क किया जा सके। विशेष रूप से बम्हौरी तिराहा एवं 27 मील चौराहा पर रात्रिकालीन दुर्घटनाओं की संभावना को कम करने के लिए हाई-मास्ट एवं स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में भी संबंधित एजेंसी द्वारा आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है। इनका कहना-- नगर निरीक्षक सरोज ठाकुर ने कहा है कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी वाहन चालकों से अपील की गई है कि निर्धारित गति सीमा का पालन करें, यातायात नियमों का सम्मान करें, संकेतकों का अनुसरण करें तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन अपनाकर दुर्घटनाओं की रोकथाम में अपना सहयोग प्रदान करें। आगामी समय में भी सड़क सुरक्षा संबंधी कार्यों की सतत निगरानी एवं समीक्षा की जाती रहेगी, जिससे आमजन को सुरक्षित यातायात वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।