कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल तेंदूखेड़ा में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन
तेंदूखेड़ा। महिला एवं बाल विकास विभाग, द्वारा जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल जैन के मार्गदर्शन में शनिवार को शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल, में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना, शिक्षा को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्राओं एवं शिक्षकों को लिंगानुपात, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006, बालिका शिक्षा का महत्व, लिंग भेद की रोकथाम, शाला त्यागी बालिकाओं का पुनः विद्यालय में प्रवेश, शिक्षा स्तर एवं कौशल विकास, सुरक्षित माहवारी एवं स्वच्छता प्रबंधन, बालिकाओं के अधिकार, लाड़ली लक्ष्मी योजना, छात्रवृत्ति योजना सहित महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने छात्राओं से शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने तथा समाज में अपनी सशक्त पहचान बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बालिका शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और बेटी के महत्व पर आधारित आकर्षक चित्र प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर समीक्षा विश्वकर्मा, द्वितीय स्थान पर जया लोधी एवं रुचि मिश्रा, जबकि तृतीय स्थान पर नंदिनी मेहरा, दीक्षा चौकसे, नीति शर्मा, रिया लोधी, लक्ष्मी पटकर तथा खुशी यादव रहीं। सभी विजेता छात्राओं को प्रशस्ति एवं पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रभारी परियोजना अधिकारी राजू नामदेव, पर्यवेक्षक नंदराम अहिरवार, शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य पी.एल. रैकवार, शिक्षक चन्द्रशेखर हजारी, रजनी जैन, अभिलाषा शर्मा तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।