युवक ने बारधा स्टेशन पर मजदूर की बच्ची छीनी
लेवर ने पकड़कर पुलिस को सौंपा, आरोपी ललितपुर का रहने वाला
सागर/खुरई। बारधा रेलवे स्टेशन पर गुरुवार दोपहर एक युवक ने एक मजदूर की पांच महीने की बच्ची को छीनकर भागने की कोशिश की। हालांकि वहां मौजूद मजदूरों और कर्मचारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुये आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम पहुंची और आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। बारधा रेलवे स्टेशन पर इन दिनों निर्माण कार्य चल रहा है, जहां कई मजदूर अपने परिवारों के साथ रह रहे हैं। गुरुवार दोपहर ललितपुर के रहने वाले मजदूर मिथुन आदिवासी और उनकी पत्नी नब्दो काम कर रहे थे। उनकी पांच महीने की बेटी को उनकी 16 साल की बहन दुर्गा खिला रही थी। इसी बीच एक युवक वहां आया और अचानक दुर्गा के हाथ से बच्ची को छीनकर भागने लगा। बच्ची के छिनते ही दुर्गा ने शोर मचाना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर भाई-भाभी और ठेकेदार के दूसरे कर्मचारी तुरंत दौड़े। सभी ने मिलकर भाग रहे युवक की घेराबंदी की और उसे कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया। इसके बाद स्टेशन मास्टर ने सागर जीआरपी को और मजदूरों ने डायल 112 को इसकी खबर दी। पूछताछ में पता चला है कि बच्ची को अगवा करने की कोशिश करने वाला आरोपी छोटू खटीक भी ललितपुर के नाराहट का ही रहने वाला है। डायल 112 की टीम आरोपी और पीड़ित परिवार को खुरई शहरी थाने लेकर आई। चूंकि मामला रेलवे स्टेशन का था, इसलिये आगे की कानूनी कार्यवाही के लिये जीआरपी पुलिस आरोपी को अपने साथ सागर ले गई।