बाबा बनकर ठगीः सास-बहू के मंगलसूत्र लेकर फरार,परिवार पर बुरी नजर का साया बताकर झांसे में लिया
सागर। जरुआखेड़ा थाना क्षेत्र के झंडापुरा गांव में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे एक ढोंगी बाबा सास-बहू को झांसा देकर उनके सोने के मंगलसूत्र लेकर फरार हो गया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों ने उसकी तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। जानकारी के अनुसार झंडापुरा निवासी विनोद अहिरवार के घर पीले वस्त्र पहने एक बाबा भिक्षा मांगने पहुंचा। उस समय घर में केवल सास और बहू मौजूद थी। बाबा ने दोनों से कहा कि उनके परिवार पर बुरी नजर का साया है और उससे मुक्ति पाने के लिए दोनों अपने-अपने सोने के मंगलसूत्र उतार दें। बाबा ने एक थाली में चावल और हल्दी मंगवाये। इसके बाद दोनों मंगलसूत्र चावल में रखकर एक कपड़े में बांधने का नाटक किया। इसी दौरान उसने चालाकी से दोनों मंगलसूत्र अपनी जेब में रख लिये और सास बहू को केवल चावल की पोटली थमा दी। जाते समय उसने कहा कि 15 दिन बाद पोटली खोलना, तब तक परिवार से बुरी नजर का साया खत्म हो जायेगा। बाबा के जाने के कुछ देर बाद सास बहू को शक हुआ। उन्होंने तुरंत पोटली खोलकर देखी तो उसमें केवल चावल थे और दोनों सोने के मंगलसूत्र गायब थे। इसके बाद उन्होंने शोर मचाया, जिस पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ढोंगी बाबा की तलाश शुरू की लेकिन वह तब तक फरार हो चुका था। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे ढोंगी बाबाओं और अंधविश्वास फैलाने वाले लोगों से सतर्क रहें और किसी अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आयें।