बंडा अस्पताल में मरीज की मौत, परिजनों ने बेड, व्हील चेयर तोड़ी, डॉक्टर की शिकायत पर केस दर्ज
सागर। बंडा सिविल अस्पताल में सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि गुस्साये परिजनों ने अस्पताल स्टाफ से अभद्रता करने के साथ इमरजेंसी वार्ड और ड्यूटी रूम में तोड़फोड़ की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। डॉक्टर की शिकायत पर दो नामजद समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार फरियादी डॉ. आतिश कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात उनकी ड्यूटी बंडा सिविल अस्पताल में थी। रात करीब 8.30 बजे सड़क हादसे में घायल राकेश प्रजापति और उसके साथी सुंदर प्रजापति को अस्पताल लाया गया। दोनों का इलाज शुरू किया गया, लेकिन इलाज के दौरान राकेश की हालत बिगड़ गई और रात करीब 8.50 बजे उसकी मौत हो गई। वहीं दूसरे घायल सुंदर प्रजापति को बेहतर इलाज के लिये जिला अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टर के मुताबिक रेफर मरीज के लिये एम्बुलेंस बुलवाई गई थी, लेकिन उसके पहुंचने में करीब आधा घंटा लग रहा था। इस बीच परिजन घायल को निजी वाहन से सागर ले जाने लगे। इसी दौरान मृतक के परिजन गुस्से में आ गये और अस्पताल स्टाफ से विवाद करने लगे। शिकायत के अनुसार राहुल प्रजापति, तुलसीराम प्रजापति और अन्य लोगों ने अस्पताल कर्मचारियों के साथ गाली गलौज की। हालात बिगड़ते देख स्टाफ ड्यूटी रूम में चला गया। आरोप है कि हंगामा कर रहे लोगों ने ड्यूटी रूम के दरवाजे का कांच तोड़ दिया। इसके बाद इमरजेंसी वार्ड में घुसकर अस्पताल के बेड और व्हील चेयर में भी तोड़फोड़ की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और समझाइश देकर लोगों को शांत कराया। बंडा पुलिस ने डॉक्टर की शिकायत पर राहुल प्रजापति, तुलसीराम प्रजापति और अन्य दो लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, तोड़फोड़ और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।