सागर में दर्दनाक हादसा: जर्जर मकान ढहा, मलबे मे दबकर मासूम की मौत
सागर। मकरोनिया के दीनदयाल नगर क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब 8:15 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक जर्जर मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से 6 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, नगर पालिका मकरोनिया ने उक्त मकान को पहले ही जर्जर घोषित कर मकान मालिक को दो बार नोटिस जारी किए थे। इसके बावजूद न तो मकान खाली कराया गया और न ही उसकी मरम्मत कराई गई।
बताया जा रहा है कि मकान में बच्ची के नाना-नानी किराए से रहते थे। हादसे के समय बच्ची घर में सो रही थी। अचानक छत गिरने से वह मलबे के नीचे दब गई। स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं, जर्जर मकान को लेकर नगर पालिका की कार्रवाई और मकान मालिक की लापरवाही पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।