सागर/बीना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा एक साल पहले की गई घोषणाओं पर अमल न होने के विरोध में शुक्रवार को किसान नेता इंदर सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के मुद्दों को लेकर दो प्रतीकात्मक शव यात्रायें निकाली गईं। शव यात्रा अंबेडकर तिराहा से शुरू होकर सर्वोदय चौराहा तक निकाली गई। प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां लिये थे, जिन पर मुख्यमंत्री की घोषणाओं का उल्लेख था। एक व्यक्ति शव यात्रा में हांडी लेकर आगे चल रहा था। शव यात्रा सर्वोदय चौराहा पर पहुंची, जहां प्रदर्शनकारी जनप्रतिनिधियों को कोसते रहे। करीब डेढ़ घंटे चले प्रदर्शन के बाद राज्यपाल के नाम ज्ञापन तहसीलदार अंबर पंथी को सौंपा गया। किसान नेता इंदर सिंह ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पिछले साल 9 सितंबर 2025 को कृषि मंडी में सभा के दौरान कई घोषणायें की थीं। इनमें बीना नदी परियोजना से सभी गांवों को जोड़ना, 5 करोड़ की लागत से नया नगरपालिका भवन, 1.27 करोड़ की लागत से जनपद भवन, इनडोर आउटडोर स्टेडियम, नगर पालिका का सीमा विस्तार, 40 किलोमीटर लंबा बायपास रोड, पॉलीटेक्निक कॉलेज, नई आईटीआई और 30 करोड़ की लागत से 100 बिस्तर का अस्पताल शामिल था। इसके अतिरिक्त खिमलासा को तहसील और मंडीबामोरा को नगर पंचायत बनाने की भी घोषणा की गई थी। ठाकुर ने आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा किये गये ये वादे पूरे नहीं हुये। उन्होंने बीना में बन रहे ओवरब्रिज के कारण हो रही परेशानियों और डायवर्जन रास्तों में बड़े गड्ढों और तीन किलोमीटर लंबे चक्कर लगाने की समस्या को भी उठाया। इंदर सिंह ठाकुर ने खिमलासा-कंजिया मार्ग का मुद्दा भी उठाया। कहा कि इस सड़क में भ्रष्टाचार हुआ है। कई किलोमीटर तक गड्ढे हो गए हैं, जिनमें अब तक 5 लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने शीघ्र गड्ढे भरने और दोषियों पर कार्यवाही की मांग की। कार्यक्रम में शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनुराग ठाकुर, अशोक परिहार, प्रमोद राय, अमित ठाकुर, रितिक ठाकुर, शिवकुमार चढ़ार, कल्लू ठाकुर, कल्याण सिंह, जगमोहन सिंह ठाकुर सहित शहर और ग्रामीण क्षेत्र जन शामिल हुये।
सागर : घोषणायें पूरी नहीं करने पर निकाली शवयात्रा, अर्थी सड़क पर रखकर प्रदर्शन
July 11, 2026
0
सागर : घोषणायें पूरी नहीं करने पर निकाली शवयात्रा, अर्थी सड़क पर रखकर प्रदर्शन
Tags