कुएं में गिरी बछिया को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सुरक्षित निकाला
तेंदूखेड़ा। नगर के वार्ड क्रमांक 12 में स्थित एक खेत मैं बिना मुडेर के कुएं में रात्रि के समय एक बछिया गिर गई। सुबह जब क्षेत्र के एक व्यक्ति की नजर कुएं पर पड़ी तो उसने बछिया को पानी में संघर्ष करते हुए देखा। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उसने तत्काल इसकी सूचना सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की, जिसके बाद स्थानीय लोगों एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही बजरंग दल के सदस्य मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए बछिया को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत कार्य प्रारंभ किया। कुएं की गहराई एवं परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण होने के बावजूद कार्यकर्ताओं ने रस्सियों एवं स्थानीय संसाधनों की सहायता से काफी मशक्कत के बाद गाय को सकुशल बाहर निकाल लिया। इस दौरान आसपास के नागरिकों ने भी सहयोग प्रदान किया। गाय को बाहर निकालने के बाद उसके स्वास्थ्य की प्राथमिक जांच कराई गई तथा आवश्यक उपचार की व्यवस्था की गई। साथ ही उसके लिए भूसी एवं चारे की व्यवस्था भी की गई, जिससे उसे तत्काल राहत मिल सके। उपचार के बाद गाय की स्थिति में सुधार बताया गया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कहा कि जीव सेवा मानवता का महत्वपूर्ण दायित्व है और किसी भी संकट में फंसे मूक प्राणी की सहायता करना समाज का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि कहीं इस प्रकार की कोई घटना दिखाई दे तो तुरंत संबंधित लोगों एवं सामाजिक संगठनों को सूचना दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके। स्थानीय नागरिकों ने बजरंग दल के सदस्यों की तत्परता, साहस एवं सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सक्रियता के कारण एक बेजुबान पशु का जीवन बचाया जा सका। इस मानवीय कार्य की क्षेत्रभर में प्रशंसा की जा रही है।