वेतन भुगतान में देरी से स्वास्थ्य कर्मियों में आक्रोश, 10 जुलाई से कार्य बहिष्कार की चेतावनी
तेन्दूखेड़ा। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों एवं अधिकारियों को समय पर वेतन नहीं मिलने से जिले के स्वास्थ्य कर्मियों में गहरा असंतोष व्याप्त है। इसी क्रम में क्षेत्र के स्वास्थ्य कर्मियों ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी , दमोह के नाम एक ज्ञापन मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी, तेन्दूखेड़ा के माध्यम से सौंपा है। ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि वे विभागीय नियमों का पालन करते हुए ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में नियमित रूप से अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। इसके बावजूद चालू माह की 8 तारीख बीत जाने के बाद भी उन्हें वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि वेतन में हो रही देरी के कारण उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। परिवार का भरण-पोषण, दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति, बच्चों की स्कूल फीस एवं प्रवेश शुल्क जमा करने के साथ-साथ बैंक ऋण एवं ईएमआई का भुगतान करना भी कठिन हो गया है। स्वास्थ्य कर्मियों ने प्रशासन से मांग की है कि उनका लंबित वेतन 9 जुलाई तक तत्काल जारी किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा तक वेतन का भुगतान नहीं किया गया, तो 10 जुलाई से वे सामूहिक रूप से कार्य बहिष्कार करेंगे। इस स्थिति में क्षेत्र में संचालित नियमित टीकाकरण कार्यक्रम, स्वास्थ्य सेवाएं तथा विभाग की अन्य आवश्यक गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वे कार्य बहिष्कार नहीं चाहते, लेकिन लगातार वेतन भुगतान में हो रही देरी ने उन्हें यह कदम उठाने के लिए विवश कर दिया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि स्वास्थ्य सेवाएं बाधित होती हैं और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा होती है, तो इसकी समस्त जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी। अब सभी की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।