सागर कलेक्ट्रेट परिसर में महिला ने खुद पर डाला केरोसिन, जमीन मामले में आत्मदाह का प्रयास
सागर: मंगलवार को सागर के कलेक्टर कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान एक महिला ने खुद पर केरोसिन डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। बांदरी इलाके की रहने वाली इस महिला ने आरोप लगाया कि दबंगों ने उसकी जमीन हड़प ली है और प्रशासन इस पर कोई कार्यवाही नहीं कर रहा है।
महिला का कहना है कि उसने कई बार प्रशासन से मदद की गुहार लगाई, लेकिन उसे न्याय नहीं मिला। स्थिति से निराश होकर उसने आत्मदाह का कदम उठाया। इस घटना से जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला से केरोसिन की बॉटल छीन ली और उसकी जान बचाई। प्रशासनिक अधिकारियों ने महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसके बयान दर्ज किए और उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया है।