रास्ते से निकलने को लेकर हुआ विवाद, चली बंदूक और फरसा,एक की मौत
शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के चक्क घुटारी गांव में रविवार सुबह सड़क के विवाद ने हिंसात्मक रूप ले लिया। इस झगड़े में एक ग्रामीण को गोली लगी, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां गोली लगने से घायल ग्रामीण को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन वह वहां मृत घोषित कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेत में धान लगाने के दौरान सुक्खा सिंह सरदार और अन्य ग्रामीणों के बीच सड़क को लेकर विवाद हुआ। कुछ देर बाद, जगतार सिंह, अवतार सिंह, जिंदर सिंह, अंग्रेज सिंह, भोला सिंह और गुरवेल सिंह हथियारों के साथ पहुंचे और हमला कर दिया। इस हमले में सरवन सिंह को गोली लगी और दारा सिंह तथा मेजर सिंह को फरसे से घायल कर दिया गया।
दुर्भाग्यवश, सरवन सिंह को मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही रास्ते में ही मौत हो गई थी। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि सरवन सिंह को मृत अवस्था में मेडिकल कॉलेज लाया गया था। कोलारस थाना प्रभारी अजय जाट ने कहा कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।