चने की 12 बोरियां चोरी करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार, चोरी गई संपत्ति बरामद
सागर। थाना मोतीनगर पुलिस को चोरी के एक मामले में सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुये चने की बोरियां चोरी करने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गई लगभग 35,000 मूल्य की 12 बोरी चना बरामद कर लिया है। 28 जून 2026 को फरियादी सौरभ केशरवानी निवासी सिद्धांत जैन मंदिर के पास छोटा करीला थाना मोतीनगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह नई गल्लामंडी में अनाज व्यापार का कार्य करता है। उसने 21 जून को नई गल्लामंडी परिसर के एफ ब्लॉक में 137 बोरियों में चना रखा था। 23 जून को गल्लामंडी पहुंचने पर 12 बोरियां गायब मिली। सुरक्षा कर्मियों से पूछताछ करने पर अज्ञात चोरों द्वारा चोरी किये जाने की जानकारी मिली। शिकायत पर थाना मोतीनगर में अपराध बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुये थाना मोतीनगर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप पुलिस ने पांच आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिन्होंने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 35000 मूल्य की चोरी गई 12 बोरियां चना बरामद कर ली गई हैं। गिरफ्तार आरोपी पेहिल पिता राशिद खान 22 वर्ष, इमरान पिता सगीर खान 19 वर्ष, अमित पिता कमल अहिरवार, हर्ष पिता सरमन जाटव, राज पिता मानक जाटव सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, शशिकांत गुर्जर, लोकेश पटेल, योगेश तिवारी, पुनीत चौबे, दिनेश यादव, जितेन्द्र, अनुराग, निहाल चौधरी, अंशुल मिश्रा, चंदन बिल्थरे, मधुर दुबे एवं गौरव की भूमिका रही।