दूरस्थ ग्राम इमलीडोल में सेफ क्लिक 2.0 साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान कार्यक्रम आयोजित
रिपोर्ट - विशाल रजक
तेंदूखेड़ा। पुलिस महा निर्देशक भोपाल के निर्देशानुसार दमोह पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के निर्देशन में प्रदेश व्यापी सेफ क्लिक 2.0” सायबर सुरक्षा कार्यक्रम जनपद के दूरस्थ ग्राम इमलीडोल में ग्रामीण विकास समिति एवं जिला पुलिस दमोह के संयुक्त तत्वधान में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में तेंदूखेड़ा एसडीओपी अर्चना अहीर ने साइबर अपराधों से बचाव के प्रभावी उपाय बताते हुए ग्रामीणों से ओटीपी, बैंक खाते की गोपनीय जानकारी एवं पासवर्ड किसी के साथ साझा न करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
थाना प्रभारी रावेंद्र बागरी एवं पुलिस टीम ने वीडियो क्लिपिंग के माध्यम से अॉनलाइन ठगी के नए-नए तरीकों और उनसे बचाव की जानकारी दी तथा ग्रामीणों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त एसडीओपी आरके सेन ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए डिजिटल सतर्कता का संदेश दिया। जीव्हीएस डायरेक्टर गोविंद यादव ने कहा कि डिजिटल युग में जागरूकता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है और प्रत्येक नागरिक को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहना चाहिए।
कार्यक्रम में सरपंच नवल झरिया, पंचायत सचिव बीडी यादव, प्रधान आरक्षक ब्रजेश तिवारी, आरक्षक अंकिता मिश्रा, रौनक पटेल, विजय दीक्षित, ज्योति राव, प्रियंका साहू, राजेश ठाकुर, द्रोपती नवीन, सुषमा यादव, संतोष सिंह, नीरज यादव सहित ग्राम के लगभग 150 ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। ग्रामीण विकास समिति द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया तथा अंत में धर्मदास पाल ने सभी अतिथियों, पुलिस अधिकारियों एवं उपस्थित ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाकर सुरक्षित डिजिटल समाज का निर्माण करना रहा।