एसबीआई एटीएम में कार्ड बदलकर 40 हजार की धोखाधड़ी, पंचायत सचिव ने पुलिस में की शिकायत
तेंदूखेड़ा - नगर स्थित सेंट्रल बैंक के सामने लगे एसबीआई एटीएम में एक सुनियोजित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत पतलोनी के सचिव एवं वार्ड क्रमांक 08, विद्यानगर निवासी मिट्ठू सिंह गोंड के साथ अज्ञात बदमाशों ने एटीएम कार्ड बदलकर उनके बैंक खाते से 40हजार की अवैध निकासी कर ली।
पीड़ित के अनुसार, शुक्रवार सुबह लगभग 11:55 बजे वे एसबीआई एटीएम से राशि निकालने पहुंचे थे।
इस दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया। तभी वहां मौजूद एक अज्ञात युवक ने एटीएम पर लिखे मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की सलाह दी। फोन पर बात करने वाले व्यक्ति ने शाम 4 बजे कार्ड निकलवाने का आश्वासन दिया। इसी बीच युवक ने कार्ड निकालने के बहाने एटीएम पिन दर्ज करने को कहा। पीड़ित के अनुसार, युवक उनके बिल्कुल पास खड़ा था, जिससे उसने उनका पिन देख लिया।
दोपहर करीब 1 बजे जब पीड़ित पुनः एटीएम पहुंचे तो उनके कार्ड की जगह कोई दूसरा कार्ड मशीन में फंसा मिला। बाद में लगभग 3:10 बजे एसबीआई बैंक से फोन आया, जिसमें बैंक अधिकारियों ने खाते से ₹40,000 की निकासी एवं पेट्रोल पंप पर एटीएम कार्ड से भुगतान की जानकारी देते हुए तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।
घटना के बाद एटीएम का निरीक्षण करने पर कार्ड स्लॉट में चिपकाने वाला पदार्थ लगा मिला, जिससे स्पष्ट हुआ कि बदमाशों ने योजनाबद्ध तरीके से कार्ड फंसाकर धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
पीड़ित ने थाना तेंदूखेड़ा में शिकायत देकर एटीएम के सीसीटीवी फुटेज, बैंक एवं पेट्रोल पंप के लेन-देन की जांच कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा धोखाधड़ी से निकाली गई राशि वापस दिलाने की मांग की है। इस घटना ने क्षेत्र में एटीएम सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।