तेंदूखेड़ा में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, दर्जनों केंद्रों पर पिलाई जा रही दवा
तेंदूखेड़ा। नगर में पूरे 5 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद रविवार को 0 से 5 के बच्चों के लिए, राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। जनप्रतिनिधियों ने पिलाई बच्चों को दवा- अभियान की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा बच्चों को पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलाकर की गई। इस अवसर पर नगरपरिषद अध्यक्ष सुरेश जैन, भाजपा मंडल अध्यक्ष संतकुमार पाल, सांसद प्रतिनिधि मूरत सिंह लोधी, और विधायक प्रतिनिधि आदित्यराज मोदी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने आमजन से अपने बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। दर्जनों केंद्रों पर उमड़ी भीड़, स्वास्थ्य अमला मुस्तैद आज सुबह से ही नगर के दर्जनों केंद्रों पर बच्चों को दवा पिलाने का कार्य तेजी से चल रहा है। केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक स्वास्थ्य केंद्र के सीबीएमओ डॉ. अशोक बरौनियां, पूर्व बीएमओ डॉ. एस. एन. गुप्ता, बीईई इंद्रपाल विश्वकर्मा, दिनेश अवस्थी सहित स्वास्थ्य विभाग के तमाम अधिकारी, कर्मचारी और आशा कार्यकर्ता मुस्तैदी से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। कल से घर-घर जाकर दस्तक देंगी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, जो बच्चे आज किसी कारणवश पोलियों बूथ तक नहीं पहुंच पाए हैं, उन्हें कल से आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य कर्मियों की टीमों द्वारा घर-घर जाकर खोजा जाएगा। यह टीमें हर घर में दस्तक देकर बचे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी ताकि नगर का कोई भी बच्चा इस सुरक्षा चक्र से वंचित न रहे।