कार से पकड़ाई 27 पेटी शराब, दो आरोपी गिरफ्तार, सागर-बंडा रोड पर बने टोल प्लाजा के पास कार्यवाही
सागर। बहेरिया थाना पुलिस ने एक कार से 27 पेटी अवैध शराब जब्त की है। कार्यवाही के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। शराब और कार जब्त कर दोनों को थाने लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कार में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने सागर-बंडा रोड स्थित टोल प्लाजा के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध कार एमपी 15 सीबी 5064 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से 27 पेटी शराब बरामद हुई। इसमें प्लेन सफेद शराब और सागर गोल्ड व्हिस्की सहित करीब 243 लीटर अवैध शराब मिली। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 1.35 लाख रुपये बताई गई है। कार में सवार दो युवकों को पुलिस ने मौके से हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम साहिल पिता गोलू यादव 22 निवासी किसानी मोहल्ला बंडा और अरविंद पिता अमृतलाल यादव निवासी वार्ड क्र. 14 बंडा बताये। पुलिस ने शराब और कार जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। बहेरिया थाना प्रभारी शशिकांत गुर्जर ने बताया कि कार से अवैध शराब जब्त की गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि शराब कहां से लाई गई थी और कहां ले जाई जा रही थी। उक्त कार्यवाही में थाना बहेरिया प्रभारी उप निरीक्षक शशिकांत गुर्जर, श्रीधर अहिरवार, विश्वनाथ मिश्रा, नरेन्द्र रावत, देवराजेंद्र सोनी, बबलू पटेल की भूमिका रही।