डेढ़ माह की बच्ची को फेंककर जाने लगी महिला, लोगों ने पकड़कर पुलिस को बुलाया,पूछताछ में बोली गर्भवती होने पर युवक छोड़कर भागा
सागर। रविवार को एक महिला अपनी डेढ़ माह की बच्ची को डिग्री कॉलेज के पीछे छोड़कर चली गई। आसपास मौजूद लोगों ने उसे देख लिया और तुरंत रोक लिया। लोगों ने बच्ची को सुरक्षित अपने पास रखा और पुलिस को सूचना दी। करीब आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को इलाज के लिये अस्पताल भेजा। फिलहाल महिला से पूरे मामले में पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे डायल.112 कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि डिग्री कॉलेज के पीछे एक महिला अपनी डेढ़ माह की बच्ची को छोड़कर जा रही है। सूचना देने वाले सुधीर जैन थे। पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां लोग पहले से ही महिला और बच्ची को बैठाये हुये थे। लोगों ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस बच्ची को लेकर बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंची, जहां उसका स्वास्थ्य परीक्षण कर इलाज शुरू किया गया। वहीं गोपालगंज थाना पुलिस महिला से मामले में पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि महिला पिछले एक सप्ताह से बच्ची को लेकर अलग-अलग जगहों पर घूम रही थी। रविवार को वह सुरखी क्षेत्र में भी देखी गई थी। रात के समय वह बस स्टैंड के आसपास थी। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ के बाद उसे बस में बैठाकर रवाना कर दिया था। इसके बाद महिला जिला अस्पताल के आसपास भी दिखाई दी थी। प्राथमिक पूछताछ में महिला ने खुद को मकरोनिया थाना क्षेत्र का निवासी बताया है। महिला का कहना है कि पति से विवाद के बाद मकरोनिया का रहने वाला उसका परिचित युवक उसे अपने साथ ले गया था। गर्भवती होने के बाद उसने उसे छोड़ दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।