सागर: ग्राम मयला में युवक की संदिग्ध मौत पर हाईवे जाम,हत्या की आशंका जताकर निष्पक्ष जांच की मांग
सागर/बण्डा। बण्डा थाना क्षेत्र के ग्राम मयला निवासी 19 वर्षीय लोकेश सिंह पिता रवीन्द्र सिंह शनिवार सुबह घर से लापता हो गये थे। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट बण्डा थाने में दर्ज कराई थी। बाद में उनका शव सुरखी थाना क्षेत्र के बिलैया टोरिया में फांसी के फंदे से लटका मिला। शव मिलने के बाद परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुये हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि लोकेश के शरीर पर कई स्थानों पर धारदार हथियार या ब्लेड जैसे कटने के निशान मिले हैं। उनका कहना है कि पहले हत्या की गई और बाद में शव को फांसी पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने ग्राम मयला के हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही बण्डा थाना प्रभारी आरएस कुशवाह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से चर्चा कर उन्हें निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। समझाइश के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम समाप्त कर दिया, जिससे यातायात फिर से सुचारु हो सका। बण्डा थाना प्रभारी आरएस कुशवाह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। कॉल डिटेल, फॉरेंसिक साक्ष्यों तथा अन्य उपलब्ध सबूतों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आयेंगे, उसी के अनुरूप कार्यवाही की जायेगी। इधर परिजनों का कहना है कि लोकेश की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। शरीर पर मिले चोट और कटने के निशानों के कारण उन्हें हत्या की आशंका है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही की मांग की है।