पटवारी से मारपीट, 3 पर एफआईआर दर्ज,नामांतरण को लेकर हुआ विवाद,किसान ने पटवारी पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया
सागर। देवरी थाना क्षेत्र में जमीन के नामांतरण को लेकर पटवारी और किसान के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद में मारपीट में बदल गया। मामले में पटवारी ने देवरी थाने पहुंचकर शिकायत की। शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में लिया है। वहीं दूसरे पक्ष ने भी देवरी थाने पहुंचकर शिकायती आवेदन दिया है। जिसमें उन्होंने पटवारी पर नामांतरण करने के एवज में रिश्वत मांगने और गालीगलौज कर मारपीट करने का आरोप लगाया है, शिकायत पर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार फरियादी पटवारी विनोद अहिरवार ने थाने में शिकायत करते हुये बताया कि 15 जून को देवरी से मेरा तबादला मालथौन हो गया है। 3 जुलाई को देवरी से रिलीव हो गया हूं। तीन साल से देवरी में पटवारी हल्का नंबर.20 बेलढाना में पदस्थ था। पृथ्वी वार्ड में किराये से रहता था। बुधवार को किराये के कमरे का सामान पैक कर रहा था। इसी दौरान नर्मदा प्रसाद उर्फ गुल्ली पटेल निवासी पटेल वार्ड अपने बेटे सुमित पटेल और अमित पटेल के साथ आये। उन्होंने जमीन के नामांतरण को लेकर बोला तो मैंने बताया कि जमीन पर स्टे लगा हुआ है। इसलिये नामांतरण नहीं हो पाया है। इसी बात को लेकर उन्होंने गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध किया तो गर्दन पकड़कर मारपीट की। विवाद होते देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। शिकायत पर पुलिस ने नर्मदा पटेल, सुमित और अमित पटेल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में लिया है। दूसरा पक्ष नर्मदा पटेल ने मामले को लेकर देवरी थाने में शिकायती आवेदन दिया है। शिकायत में बताया कि 5 जनवरी को तहसीलदार कोर्ट में नामांतरण के लिये आवेदन किया था। लेकिन पटवारी ने नामांतरण संबंधी कार्यवाही नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि पटवारी 80 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहे थे। इससे पहले 3 हजार रुपये पटवारी को दिये थे। इसी बीच उनका ट्रांसफर हो गया। नामांतरण नहीं हुआ। उनसे 3 हजार रुपये वापस लेने के लिये गया तो पटवारी ने गालीगलौज करते हुये जूता फेंककर मारने की कोशिश की। मामले में पटवारी विनोद अहिरवार ने कहा कि रिश्वत मांगने वाले आरोप निराधार है। उक्त जमीन पर कोर्ट का स्टे है। इसलिये नामातंरण नहीं हो पाया है। देवरी थाना के एसआई समरथ सीमन ने बताया कि पटवारी विनोद अहिरवार ने मारपीट की शिकायत की है। शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में लिया है। दूसरे पक्ष ने भी शिकायती आवेदन दिया है। जिसमें पटवारी द्वारा रिश्वत की मांग करने का आरोप लगाया गया है। मामले में जांच की जा रही है।