सरकारी स्कूल में घुसकर शिक्षकों से मारपीट, उत्पात मचाने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार
सागर। जिले के बंडा थाना क्षेत्र के ग्राम मयला स्थित शासकीय विद्यालय में घुसकर शिक्षकों से गालीगलौज, मारपीट और हंगामा करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शिक्षिका की शिकायत पर पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार शुक्रवार को फरियादिया लक्ष्मी सोनी 61 निवासी नया मोहल्ला बंडा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वह ग्राम मयला के शासकीय विद्यालय में पदस्थ हैं और सुबह बच्चों को कक्षा में पढ़ा रही थीं। इसी दौरान गांव के रहने वाले नीलेश उर्फ डिल्लू यादव 27 और सोनू दांगी 30 स्कूल परिसर में घुस आये। दोनों आरोपियों ने विद्यालय में गालीगलौज शुरू कर दी और उत्पात मचाने लगे। स्कूल का माहौल बिगड़ता देख अन्य शिक्षक मौके पर पहुंचे और उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों आरोपी और अधिक उग्र हो गये। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने शिक्षकों के साथ अभद्रता करते हुये गालीगलौज की और मारपीट भी की। विद्यालय में अचानक हुये हंगामे से छात्र-छात्राओं में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर किसी तरह विवाद शांत कराया। घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी, जिसके आधार पर तत्काल कार्यवाही शुरू की गई। बंडा थाना प्रभारी राजेंद्र कुशवाह ने बताया कि स्कूल में घुसकर उत्पात मचाने और शिक्षकों से मारपीट करने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दिये। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।