पुलिस ने झपटमारी की वारदात का किया खुलासा
दो विधि विरुद्ध बालक अभिरक्षा में, 50 हजार नगद
सागर। थाना बहेरिया पुलिस ने वरुण स्मृति उद्यान के पास हुई झपटमारी की वारदात का खुलासा करते हुये दो विधि विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लेकर उनके कब्जे से घटना में छीना गया बैग, कंपनी का टैबलेट, लगभग 50,000 नगद एवं घटना में प्रयुक्त डिस्कवर मोटरसाइकिल बरामद की है। प्रकरण में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। 7 जुलाई 2026 को फरियादिया पूनम कहार 24 वर्ष निवासी वर्तमान हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी मकरोनिया ने थाना बहेरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह भारत फाइनेंशियल इन्क्लूजन लिमिटेड में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। फील्ड से समूह ऋण की वसूली कर स्कूटी से वापस लौटते समय उनके पास कलेक्शन की 95,025 राशि, स्वयं के 20,000, कंपनी का सैमसंग टैबलेट, बायोमैट्रिक मशीन एवं अन्य सामग्री सहित कुल ,68 मूल्य का सामान बैग में रखा हुआ था। जब वह वरुण स्मृति उद्यान एवं वेयरहाउस के बीच सुनसान स्थान से गुजर रही थी, तभी नीले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात युवक उनके पास आये और स्कूटी का स्टैंड खुला होने की बात कहकर उन्हें रुकवाया। जैसे ही फरियादिया स्टैंड देखने के लिये मुड़ी, बीच में बैठे युवक ने स्कूटी में टंगा बैग झपट लिया तथा पीछे बैठे युवक ने स्कूटी में लात मार दी, जिससे फरियादिया गिर गई। इसके बाद तीनों आरोपी बैग सहित मौके से फरार हो गये। फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना बहेरिया में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुये पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु विशेष टीम गठित की गई। एएसपी नरेन्द्र सोलंकी के मार्गदर्शन एवं सीएसपी ललित कश्यप के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक शशिकांत गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर दो विधि विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों बालकों ने अपने एक साथी वीर सिंह पटैल के साथ मिलकर झपटमारी की वारदात करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर घटना में छीना गया बैग, कंपनी का सैमसंग टैबलेट, लगभग 50,000 नगद तथा वारदात में प्रयुक्त डिस्कवर मोटरसाइकिल बरामद की गई। दोनों विधि विरुद्ध बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें सुधार गृह भेज दिया गया है। प्रकरण के शेष फरार आरोपी की तलाश जारी है। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक शशिकांत गुर्जर, देवेन्द्र दुबे, विश्वनाथ मिश्रा, कैलाश विश्वकर्मा, नरेन्द्र रावत, देवराजेन्द्र सोनी, बबलू पटैल, शुभम, राजेन्द्र, राघवेन्द्र, महिला नम्रता, भावना सहित थाना बहेरिया स्टाफ की भूमिका रही।