सीवरेज कंपनी के गड्ढे में गिरा बच्चा, पैर फै्रक्चर
लोग कार्यालय पहुंचे, बोले इलाज में मदद की जाये, लेकिन नहीं हुई सुनवाई
सागर/खुरई। सीवरेज लाइन का काम कर रही स्टैंडर्ड इंफ्रा कंपनी की लापरवाही से एक 12 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। शुक्रवार दोपहर सहोद्रा राय वार्ड में सीवरेज के गड्ढे में गिरने से बच्चे का पैर फै्रक्चर हो गया, जिसके बाद उसे सागर रेफर किया गया है। घटना से आक्रोशित वार्डवासी बड़ी संख्या में कंपनी के कार्यालय पहुंचे। घायल बच्चे की पहचान सुरेंद्र आदिवासी के 12 वर्षीय बेटे समर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार समर दुकान से सामान लेने जा रहा था, तभी वह खुले पड़े सीवरेज के गड्ढे में गिर गया। इस हादसे में उसके पैर में गंभीर फै्रक्चर आया है। प्राथमिक उपचार के लिये समर को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुये उसे सागर रेफर कर दिया गया। वार्डवासियों ने बताया कि स्टैंडर्ड इंफ्रा कंपनी द्वारा सीवरेज लाइन और चेंबर डालने का काम किया जा रहा है, लेकिन कंपनी के कर्मचारियों की लापरवाही के कारण आये दिन हादसे हो रहे हैं। सहोद्रा राय वार्ड में यह गड्ढा पिछले सात दिनों से खुला पड़ा था, न तो काम पूरा किया गया और न ही इसे भरा गया। हादसे के बाद बड़ी संख्या में वार्डवासी टीहर रोड स्थित सीवर लाइन कंपनी के कार्यालय पहुंचे। उन्होंने मांग की कि गड्ढे को व्यवस्थित किया जाये और घायल बच्चे के गरीब परिजनों को इलाज के लिये आर्थिक सहायता दी जाये। हालांकि वार्डवासियों के अनुसार उनकी सुनवाई नहीं हुई। इस संबंध में परियोजना के अधिकारियों से चर्चा करने पर उन्होंने मामले में कार्यवाही करने की बात कही है।