नगर में झमाझम बारिश के बाद किसानों ने शुरू की खरीफ फसलों की बुवाई
तेंदूखेड़ा। सोमवार को नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में हुई झमाझम बारिश के बाद बुधवार से किसानों ने खरीफ फसलों की तैयारियों में तेजी ला दी है। पर्याप्त नमी मिलने के बाद किसान अपने-अपने खेतों में ट्रैक्टरों से जुताई कर धान और मक्का की बुवाई शुरू कर चुके हैं। बारिश के कारण खेतों की मिट्टी में अच्छी नमी आ गई है, जिससे बुवाई के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं। क्षेत्र के किसानों का कहना है।
कि इस वर्ष मानसून की बारिश सामान्य से कुछ देर से शुरू हुई है। समय पर वर्षा नहीं होने के कारण बुवाई का कार्य भी प्रभावित हुआ और किसानों को बारिश का इंतजार करना पड़ा। अब अच्छी वर्षा होने से किसानों ने राहत की सांस ली है और पूरे उत्साह के साथ खेतों में कृषि कार्य प्रारंभ कर दिया है। बुधवार सुबह से ही कई गांवों में ट्रैक्टरों की आवाजाही बढ़ गई। किसान खेतों की जुताई कर धान और मक्का के बीज बोने में जुटे रहे। कुछ किसान खेतों की मेड़ों की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था भी करते नजर आए, ताकि आगे होने वाली बारिश का पानी खेतों में पर्याप्त मात्रा में बना रहे और फसलों को लाभ मिल सके। किसानों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में नियमित अंतराल पर अच्छी बारिश होती रही, तो धान और मक्का की फसल बेहतर होने की उम्मीद है। हालांकि उनका यह भी कहना है कि मानसून की शुरुआत में हुई देरी से फसल चक्र थोड़ा प्रभावित हुआ है, लेकिन अब मौसम अनुकूल बना रहा तो उत्पादन पर अधिक असर नहीं पड़ेगा। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, बुवाई के समय खेतों में पर्याप्त नमी होना आवश्यक होता है। हाल की बारिश से मिट्टी में नमी का स्तर बढ़ा है, जिससे बीजों के अंकुरण की संभावना बेहतर हो गई है। उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि वे प्रमाणित बीजों का उपयोग करें तथा मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए कृषि कार्य करें। क्षेत्र में बारिश के बाद खेतों में एक बार फिर रौनक लौट आई है। किसान पूरे उत्साह के साथ खरीफ सीजन की शुरुआत कर रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि इस वर्ष मानसून का साथ मिला तो धान और मक्का की अच्छी पैदावार होगी, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।