शराब के लिये रुपये मांगकर चाकू से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार
सागर। थाना गोपालगंज पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुये थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा के नेतृत्व में चाकू से हमला कर फरार हुये आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। 15 जून को प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर थाना गोपालगंज में अपराध बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। रिपोर्ट के अनुसार आरोपी सौरभ घरु उर्फ सोनू ने फरियादी से शराब पीने के लिये 500 की मांग की। फरियादी द्वारा रुपये देने से मना करने पर आरोपी ने गाली गलौज करते हुये चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया तथा जान से मारने की धमकी देते हुये मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना गोपालगंज पुलिस तत्काल सक्रिय हुई। पुलिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिये सुनियोजित रणनीति बनाकर लगातार प्रयास किये। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी सौरभ घरु उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करने के उपरांत आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।