तेज रफ्तार डंपर का कहरः राजाखोय पुल पर खड़ी सफारी और आगे जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली को मारी टक्कर
सागर/जैसीनगर। जैसीनगर-भापेल मार्ग स्थित राजाखोय पुल पर सोमवार दोपहर करीब 1.15 बजे एक तेज रफ्तार डंपर की लापरवाही से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। डंपर ने पहले पुल पर खड़ी एक सफारी वाहन को टक्कर मारी, इसके बाद अनियंत्रित होकर आगे जा रही ट्रैक्टर ट्रॉली से पीछे से जा भिड़ा। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गये, जबकि एक मोटरसाइकिल सवार बाल-बाल बच गया। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डंपर जैसीनगर से भापेल की ओर जा रहा था। राजाखोय पुल पर एक काले रंग की सफारी सड़क किनारे खड़ी थी। उसी दौरान सामने से आ रही मोटर साइकिल को बचाने के प्रयास में डंपर सफारी से टकरा गया और फिर अनियंत्रित होकर आगे चल रही ट्रैक्टर ट्रॉली में पीछे से जा घुसा। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने डंपर चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जैसीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी।