पुलिस का सघन वाहन चेकिंग अभियान, बिना सीट बेल्ट लगाए मिले पांच वाहन चालकों पर कार्रवाई
तेंदूखेड़ा। नगर एवं क्षेत्र में हो रही दुर्घटनाओं के चलते सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को तेंदूखेड़ा पुलिस द्वारा 27 मिल क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान चार पहिया वाहनों की जांच की गई, जिसमें बिना सीट बेल्ट लगाए वाहन चलाते पाए गए पांच चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान कुल 2,500 का जुर्माना वसूल किया गया। अभियान का नेतृत्व नगर निरीक्षक सरोज सिंह ठाकुर ने किया। उनके साथ एएसआई गजराज, प्रधान आरक्षक महेश, विशाल बेन आरक्षक रिंकू तथा डायल-112 तेंदूखेड़ा एवं पुलिस की टीम भी मौजूद रही।
नगर निरीक्षक सरोज सिंह ठाकुर ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में जनहानि को कम करने के लिए यातायात नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से सीट बेल्ट का उपयोग करें तथा दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें। उन्होंने यह भी कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की नियमित एवं सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।