टाइगर रिजर्व से लगे गांव में गोह का मांस जब्त
आरोपी गिरफ्तार, पहले भी शिकार के मामले में दर्ज है केस
सागर। वीरांगना रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व से सटे ग्राम छिरारी में वन विभाग ने सोमवार को कार्यवाही करते हुये गोह का मांस जब्त किया है। कार्यवाही में 1 आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। वन परिक्षेत्राधिकारी ढाना राघवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि डॉग स्मड और लोकल फॉरेस्ट टीम क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम छिरारी स्थित गौशाला के पास खुले में निवास कर रहे मगरधा ग्राम के लोग गोह का शिकार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने वीरांगना रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व की डॉग स्मड के साथ मौके पर पहुंची। जांच के दौरान खुले में गोह का मांस पकाया जा रहा था। टीम ने मौके से गोह का मांस जब्त कर आरोपी विशाल पिता मंगल सिंह गौड़ 54 निवासी मगरधा को गिरफ्तार किया है। पकड़े गये आरोपी पर पहले भी गोह शिकार का मामला दर्ज है, जिसकी जांच चल रही है। विभाग की टीम गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। वन विभाग के अनुसार गोह अनुसूची.1 में शामिल संरक्षित वन्यजीव है। इसका शिकार करना, मांस रखना और बिक्री करना दंडनीय अपराध है। दोषी पाये जाने पर 3 से 7 साल तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है।